लोहरदगा में दर्दनाक हादसा: दो स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में 3 युवकों की मौत, 3 गंभीर

लोहरदगा के भंडरा में दो स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायल हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लोहरदगा: लोहरदगा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भंडरा थाना क्षेत्र के सेगरा टोली के पास हुआ जहां दो स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों स्कूटी तेज रफ्तार में थीं। सेगरा टोली के पास अचानक दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। वहीं दोनों स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सभी छह घायलों को तत्काल सीएचसी भंडरा ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. सन्नी कुमार ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन अन्य युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सोनू उरांव (22 वर्ष), उदय उरांव (21 वर्ष), पिता झरिया उरांव, और मनीष लोहरा (19 वर्ष), पिता दुलू लोहरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भरनो के आमलिया गांव के तीनों युवक एक ही स्कूटी पर सवार होकर लोहरदगा में फुटबॉल मैच देखने गए थे। मैच देखने के बाद वे वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी स्कूटी से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया है। दुर्घटना आखिर किस वजह से हुई इसकी जांच की जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।