

रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को राजधानी रांची में हुई तिरंगा यात्रा को JPSC-JSSC Reform Manch ने ऐतिहासिक बताया। मंच की कोर कमेटी के सदस्य रविंदर कुमार पासवान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से छात्रों की जायज मांगों पर जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की। रविंदर कुमार पासवान ने कहा कि तिरंगा यात्रा का ज्यादा प्रचार-प्रसार नहीं किया गया था, इसके बावजूद राजधानी में छात्रों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने कहा कि अब सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द फैसला लेना चाहिए। मंच की प्रमुख मांगों में JSSC CGL परीक्षा रद्द करना, TDPL एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच कराने का आदेश देना शामिल है।




20 अगस्त को CM आवास घेराव की चेतावनी
JPSC-JSSC Reform Manch ने चेतावनी दी है कि अगर 18 अगस्त तक इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो 20 अगस्त को पूरे झारखंड से छात्र और युवा मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। पासवान ने कहा कि छात्र मुख्यमंत्री आवास के बाहर तब तक डटे रहेंगे, जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं हो जातीं। इस घोषणा के बाद झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्र आंदोलन के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार छात्रों की इन मांगों और 20 अगस्त को प्रस्तावित घेराव को लेकर क्या कदम उठाती है।

