

झारखंड: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।इन जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।




रांची, खूंटी, बोकारो और जमशेदपुर समेत राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव का असर राज्य के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 17 अगस्त को भी झारखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान पलामू, चतरा, हजारीबाग, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
18 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। हालांकि 19 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

