

लातेहार: चंदवा थाना क्षेत्र की डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर एक ऑटो पर पलट गया और उसे रौंद दिया। कंटेनर के नीचे दबने से ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सात लोगों के हताहत होने की सूचना है। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का काम शुरू किया। कुछ ही देर में पुलिस, प्रशासन और एंबुलेंस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। कंटेनर को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कंटेनर हटाने और ऑटो में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर सामने आएगी।




ऑटो का ढांचा पूरी तरह चकनाचूर
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो का पूरा ढांचा बुरी तरह टूट गया। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना राहत दल के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। कंटेनर को हटाकर एक-एक कर लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऑटो में छोटे बच्चों के भी सवार होने की आशंका है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए वास्तविक नुकसान की स्थिति साफ हो पाएगी।
लोहरदगा-चंदवा मार्ग पर यातायात प्रभावित
हादसे के बाद लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। सड़क पर कंटेनर, क्षतिग्रस्त ऑटो और मलबा बिखरा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभालने के साथ राहत-बचाव अभियान में भी सहयोग शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को घटनास्थल पर लगाया गया है। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान में मदद कर रहे हैं।

