रांची: झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विधानसभा को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। ईमेल में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को भी बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। मामले में झारखंड विधानसभा के एक पदाधिकारी ने विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब धमकी के स्रोत का पता लगाने जुटी है। धमकी की सूचना मिलते ही झारखंड जगुआर की बीडीडीएस टीम ने विधानसभा परिसर की गहन जांच की। पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

धमकी भरी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचते ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में करीब 4 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस उस नंबर को भी ट्रेस करने में जुटी है, जिससे बम की धमकी वाला फोन आया था। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी तक पहुंचने के लिए फोन नंबर और धमकी से जुड़े अन्य सुरागों की जांच की जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब झारखंड में सरकारी दफ्तरों और अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले मार्च में भी रांची के समाहरणालय के अलावा धनबाद और साहिबगंज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी।


