नवरात्रि पर बंका मेमोरियल ट्रस्ट की पहल: पतरा गोंदा गांव की सैकड़ों बेटियों को मिली शिक्षण सामग्री, शिक्षा से सशक्त होंगी बेटियां

शारदीय नवरात्रि और बालिका दिवस पर बंका ममोरियल ट्रस्ट की अनूठी पहल, पतरा गोंदा गांव में सैकड़ों बेटियों के बीच बांटी गई शिक्षण सामग्री।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: बंका मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से सोमवार को कांके डैम स्थित पतरा गोंदा गांव में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर एक विशेष एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान से प्रेरित होकर आयोजित इस समारोह में समाज की सैकड़ों बेटियों को उज्ज्वल भविष्य की ओर प्रोत्साहित करने के लिए शिक्षण सामग्री किट एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, किताब, पेंसिल, पेन, रबर, कटर के साथ-साथ चॉकलेट और टॉफी जैसी कई सामग्रियां उपहार स्वरूप प्रदान की गईं, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपना योगदान दे सकें।

समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बंका मेमोरियल ट्रस्ट के ट्रस्टी दीपक बंका एवं समाजसेविका और ट्रस्टी दीपा बंका उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, पतरा गोंदा गांव की उप-मुखिया नमिता देवी, सुमन देवी, मल्लू पाहन, राहुल कुमार दुबे, आशीष रौशन, गायत्री कुमारी और शुभम चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दीपक बंका एवं दीपा बंका ने संयुक्त रूप से कहा कि बेटी पढ़ेगी, तभी देश आगे बढ़ेगा। अतिथियों ने कहा कि आज नवरात्रि के पावन अवसर पर इन बेटियों को शिक्षा से जुड़ी सामग्री देकर इन्हें आगे बढ़ाने का जो संकल्प बंका मेमोरियल ट्रस्ट ने लिया है, वह बेहद सराहनीय और अनुकरणीय है। बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं; यदि उन्हें सही समय पर सही मार्गदर्शन और संसाधन मिल जाएं, तो वे देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेंगी।

इस अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में शंकर कछप, लालू गाड़ी एवं कई ग्रामीण गण उपस्थित थे। पतरा गोंदा गांव के ग्रामीणों ने ट्रस्ट के इस नेक प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की और अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।