विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड में ED का बड़ा एक्शन, YSRCP सांसद अविनाश रेड्डी और पिता के ठिकानों पर छापेमारी

विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने वाईएसआरसीपी सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी, उनके पिता और अन्य लोगों के परिसरों पर छापेमारी की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हैदराबाद: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी की हत्या से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी, उनके पिता और कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में हैदराबाद और कडप्पा में कुल छह जगहों पर तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कडप्पा से सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी और उनके पिता वाई.एस. भास्कर रेड्डी के परिसरों की भी तलाशी ली गई। ईडी का मामला हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज प्राथमिकी और आरोपपत्रों पर आधारित है।

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के चाचा विवेकानंद रेड्डी की मार्च 2019 में कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला स्थित उनके घर पर हत्या कर दी गई थी सीबीआई ने 2020 में जांच का जिम्मा अपने हाथ में लिया और आरोप लगाया कि इसमें कई लोगों की संलिप्तता है और इसके लिए जटिल साजिश रची गई थी। शुरुआत में राज्य पुलिस ने इस मामले की जांच की थी लेकिन 2020 में जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया। केंद्रीय जांच एजेंसी ने हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में 16 अप्रैल 2023 को भास्कर रेड्डी को गिरफ्तार किया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।