

रांची : यूट्यूब ने कई लोगों की जिंदगी बदल दी है। कुछ लोगों ने इस प्लेटफॉर्म पर लगातार कंटेंट बनाकर न सिर्फ अपनी पहचान बनाई, बल्कि करोड़ों की संपत्ति भी खड़ी की। भारत के लोकप्रिय यूट्यूबर्स में शामिल मनोज डे की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। कभी बेहद साधारण परिस्थितियों में रहने वाले मनोज डे आज हर महीने कई लाख रुपये कमा रहे हैं। उनके पास कई गाड़ियां हैं जिनमें करीब 80 लाख रुपये की मर्सिडीज बेंज एसयूवी भी शामिल है।





मनोज डे के यूट्यूब चैनल पर फिलहाल 7.78 मिलियन सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उनके 2 मिलियन यानी 20 लाख फॉलोअर्स हैं। मनोज डे उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उनका शुरुआती जीवन बेहद सामान्य और आर्थिक चुनौतियों से भरा रहा था। मनोज डे झारखंड से आते हैं। उनका जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था। उनके पिता गांव में साइकिल पंक्चर बनाने का काम करते थे। कभी 200 तो कभी 250 रुपये की कमाई से उनके पिता 6 लोगों का पालन पोषण करते थे। मनोज और उनका परिवार गांव में झोपड़ी में रहता था। मनोज ने अपनी पढ़ाई एक सरकारी स्कूल से पूरी की। उन्होंने गुजरात में एक फैक्ट्री में भी काम किया, लेकिन बाद में वापस अपने गांव लौट आए।
