गढ़वा: रेलवे ट्रैक पर रील बनाना एक 19 वर्षीय युवती को भारी पड़ गया। गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरइया गांव के पास मंगलवार को दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक पर रील बना रही युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घायल युवती की पहचान पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है। वह गढ़वा शहर के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की बेटी बताई जा रही है।
ट्रेन की चपेट में आने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा अपने कुछ दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक पर रील बना रही थी। इसी दौरान ट्रैक पर रांची-चोपन ट्रेन आ गई। रील बनाने में व्यस्त युवती का ध्यान ट्रेन की ओर नहीं गया और वह उसकी चपेट में आ गई।
ट्रेन की चपेट में आने से युवती के दोनों हाथ कट गए। हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गई। घटना के बाद वहां मौजूद दोस्तों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
दोस्तों ने आनन-फानन में घायल युवती को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
यह घटना एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर वीडियो या रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की आवाजाही के बीच थोड़ी सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है।


