असम: पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ का सदस्य हैलाकांडी में पकड़ा गया

असम के हैलाकांडी में एसटीएफ ने पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क के कथित सदस्य को गिरफ्तार किया, जांच में आतंकी नेटवर्क से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद हुए।

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुवाहाटी: असम पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बुधवार को हैलाकांडी जिले से पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एसटीएफ ने 25 जुलाई को धुबरी, चिरांग और बारपेटा जिलों से इस समूह के तीन अन्य कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि पिछली गिरफ्तारियों और उसके बाद हुई जांच से मिले सुरागों के आधार पर एसटीएफ ने हैलाकांडी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 21 वर्षीय कथित सदस्य को रामनाथपुर इलाके से गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान आरोपी के कब्जे से कई दस्तावेज बरामद किए गए। यह कार्रवाई एसटीएफ की ‘‘चरमपंथी और राष्ट्रविरोधी नेटवर्क तथा उनके सदस्यों के खिलाफ लगातार जारी जांच और कार्रवाई’’ का हिस्सा है।
सरकार के एक बयान के अनुसार, शहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान स्थित एक आतंकवादी गिरोह है, जिसका संबंध भारत भर में हथगोले, आईईडी और पेट्रोल बम हमलों तथा लक्षित हत्याओं से है।
बयान में कहा गया कि एसबीएन स्थानीय लोगों को पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करने तथा जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी पैसे देता रहा है।

Share This Article