

धनबाद(झरिया) : झरिया सब्जी पट्टी स्थित लाइफ लाइन के समीप संचालित एक तेल मिल में मंगलवार को काम के दौरान एक मजदूर गंभीर हादसे का शिकार हो गया। चलती मशीन की चपेट में आने से मजदूर का हाथ बुरी तरह कटकर दो हिस्सों में अलग हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।





घायल मजदूर की पहचान लट्टू सोनकर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह काफी समय से तेल मिल मालिक सुरेंद्र जी के यहां मजदूरी का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लट्टू सोनकर मंगलवार को रोज की तरह मशीन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में पहना हुआ धातु का कड़ा चलती मशीन के पुर्जों में फंस गया।
कड़ा फंसने के बाद उनका हाथ तेजी से मशीन की ओर खिंच गया। इससे पहले कि मशीन बंद की जाती, उनका हाथ गंभीर रूप से कट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल लट्टू सोनकर को लहूलुहान अवस्था में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
घटना के बाद तेल मिल मालिक सुरेंद्र ने घायल मजदूर के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि लट्टू सोनकर उनके परिवार के सदस्य की तरह हैं और उनके इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
