

गिरिडीह: कोलकाता में एक ठेकेदार के घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र से बरामद किए गए हैं। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी घुपन पासवान को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित उसके ससुराल में छापेमारी कर पुलिस ने चोरी के आभूषण बरामद किए।





ठेकेदार के घर काम करता था आरोपी
जानकारी के अनुसार, घुपन पासवान कोलकाता में एक बड़े ठेकेदार के घर पर काम करता था। वह घर के काम के साथ खाना बनाने का काम भी करता था। इसी दौरान उस पर ठेकेदार के घर से सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप लगा। आरोप है कि चोरी के बाद वह आभूषण लेकर गिरिडीह पहुंचा और उन्हें पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित अपने ससुराल में छिपाकर रख दिया।
कोलकाता में दर्ज हुआ था मामला
चोरी की जानकारी मिलने के बाद ठेकेदार ने कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर बेनियापुकुर थाना, कोलकाता में कांड संख्या 280/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घुपन पासवान के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में कथित तौर पर चोरी के आभूषण गिरिडीह स्थित ससुराल में छिपाने की बात सामने आई।
ससुराल में छापेमारी, बड़ी मात्रा में सोना बरामद
इसके बाद कोलकाता पुलिस की टीम गिरिडीह पहुंची और पचम्बा थाना पुलिस के सहयोग से कमरसाली में छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की कीमत 55 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, आभूषणों की वास्तविक मात्रा, वजन और सटीक कीमत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। कार्रवाई के बाद कोलकाता पुलिस आरोपी और बरामद आभूषणों को अपने साथ ले गई।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। साथ ही चोरी के आभूषणों को गिरिडीह लाने और छिपाने में किसी ने मदद की थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
