कांग्रेस ने जामताड़ा में एमएमडीआर एक्ट के विरोध में निकाला जुलूस, कहा-झारखंड को कमजोर करना चाहती है केंद्र सरकार

जामताड़ा में कांग्रेस ने एमएमडीआर एक्ट 2026 के विरोध में जन आंदोलन किया। मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र पर झारखंड के खनिज संसाधनों और अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जामताड़ा : चंदा चोरी एवं खनन और खनिज विकास एवं विनियम संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में गुरुवार को जामताड़ा के महात्मा गांधी चौक के समक्ष कांग्रेस पार्टी की ओर से व्यापक जन आंदोलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों ने भाग लेकर भाजपा की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम के दौरान पूरा महात्मा गांधी चौक भाजपा विरोधी नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने “भाजपा झारखंडियों का हक छीनना बंद करो”, “खनिज संपदा अधिनियम बर्दाश्त नहीं”, “चंदा चोर भाजपा होश में आओ” जैसे जोरदार नारे लगाए।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का आक्रामक और धमाकेदार संबोधन रहा। मंत्री के भाषण ने पूरे कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और आम लोगों में जबरदस्त जोश भर दिया। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर झारखंड के अधिकार, खनिज संपदा और राज्य के हितों को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि झारखंड के हक और अधिकार की लड़ाई है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि “जुल्म सहने से कातिल को मदद मिलती है।” उन्होंने कहा कि भाजपा जिस कानून को लेकर आई है, उसे ऐसे राज्यों में लागू करने का प्रयास किया गया है जहां भाजपा की सरकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड को कमजोर करना चाहती है और आदिवासी, मूलवासी एवं झारखंड की जनता के अधिकारों पर चोट करना चाहती है।
मंत्री ने कहा कि इस कानून के माध्यम से झारखंड के लगभग 15 हजार करोड़ रुपये के अधिकार को रोकने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है और जनता के हितों को दरकिनार कर फैसले लिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब झारखंड के लोग अपने अधिकार और विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलित थे, उसी दौरान भाजपा ने आनन-फानन में इस विधेयक को संसद से पारित कराने का काम किया।

Share This Article