

रांचीः रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को राजधानी रांची समेत झारखंड के चार जिलों में भारी बारिश के आसार है। मौसम विभाग ने रांची सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में अगले सात दिनों तक बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही कई जगहों पर वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह और कोडरमा में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में एक और नया प्रेशर एरिया बन रहा है, जो शनिवार से पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा। इसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर पड़ेगा। ऐसे में 2 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।





इससे पहले गुरुवार को भी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश जमशेदपुर में 67.6 एमएम और कांके में 55.2 एमएम दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में वज्रपात की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें हजारीबाग में दो, जबकि गुमला, खूंटी और गिरिडीह में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 अगस्त को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी दी है। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिन में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 29 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, दुमका, हजारीबाग, जामताड़ा और सरायकेला-खरसांवा में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
30-31 अगस्त को भी भारी बारिश का अलर्ट
30 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी है। वहीं 31 अगस्त को देवघर, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
