

जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में हावड़ा ब्रिज के सामने स्थित भारत पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात सीएनजी भरने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक सीएनजी का पाइप फट गया और तेज रफ्तार से निकला नोजल वहां काम कर रहे 24 वर्षीय कर्मचारी तुषार खामरी को जा लगा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तुषार दूर जा गिरा और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद पंप पर मौजूद सहकर्मियों ने आनन-फानन में तुषार को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।





हादसे की सूचना मिलते ही तुषार के परिजन भी टीएमएच पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तुषार सोनारी का रहने वाला था और बताया जा रहा है कि उसकी दो महीने बाद शादी होने वाली थी।
घटना के बाद पेट्रोल पंप की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सीएनजी पाइप में तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही हुई, इसकी वास्तविक वजह पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
