

रांची: झारखंड के 24 में से 11 जिलों में इस साल औसत से कम बारिश हुई। इनमें भी पाकुड़ में स्थिति सबसे खराब है और औसत से 54 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह जानकारी शनिवार को एक अधिकारी ने दी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि बारिश में कमी की वजह ‘अल नीनो और स्थानीय घटनाओं सहित कई कारणों से बारिश का असमान स्थिति’ है। पाकुड़ के बाद देवघर में 48%, कोडरमा में 40%, गढ़वा व गिरिडीह में 37-37%, गोड्डा में 31% और हजारीबाग में 30% वर्षा की कमी है। पाकुड़ में सामान्य से 54% कम बारिश दर्ज की गई है, जहां अब तक 408.3 मिमी वर्षा हुई है जबकि सामान्य बारिश 878.2 मिमी होनी चाहिए थी।





