

रांची : कोलकाता के साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल में संपन्न कोलकाता ओपन कराटे चैंपियंस ट्रॉफी में झारखंड के खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते। प्रणीत मोहक मिंज ने लड़कों के वर्ग में 8-10 वर्ष के आयु वर्ग में काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 10 वर्ष के कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वहीं लड़कियों के वर्ग में अंजली कुमारी ने 15 वर्ष की आयु वर्ग में काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 40 किलो से कम वजन वर्ग के कुमिते स्पर्धा में रजत पदक जीतकर राज्य का परचम लहराया।





सभी सफल खिलाड़ियों को कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल एंड माइनॉरिटी कमिशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि राज्य के कराटे खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों को जल्द ही इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन कर सम्मानित किया जाएगा। सफल खिलाड़ियों को इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के अध्यक्ष संसाइ अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की, उमाशंकर महतो आदि ने बधाई दी।
