

रांची: झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) रविवार को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में आयोजित की गई। जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। एसोसिएशन ने बड़ा निर्णय लेते हुए झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह को जेएससीए का नया लोकपाल नियुक्त किया है।





बैठक के दौरान अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष जांच समिति की सिफारिशों के आधार पर दो आजीवन सदस्यों, एसबी सिंह और एसए रहमान की सदस्यता समाप्त करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। हालांकि, इस फैसले को लेकर एजीएम के दौरान एसबी सिंह ने अपनी कड़ी आपत्ति जताई, जिससे कुछ समय के लिए बैठक में हंगामा भी हुआ। इसके अलावा धनबाद क्रिकेट संघ द्वारा पहले से हटाए गए सदस्य की बर्खास्तगी को नियमानुसार अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में आगामी घरेलू टूर्नामेंट्स के लिए चयन समितियों का पुनर्गठन भी किया गया। इसमें सीनियर पुरुष चयन समिति का चेयरमैन मनीष वर्धन को बनाया गया है, जबकि अजय कुमार यादव, सोनू कुमार सिंह और अमित हाशमी को सदस्य चुना गया है। जूनियर पुरुष चयन समिति में चेयरमैन पद की जिम्मेदारी धीरंत सिंह को दी गई है और उनके साथ संजीत गुप्ता, देवव्रत दास व राजेश झा सदस्य रहेंगे। वहीं, महिला चयन समिति का चेयरमैन सरिता राय को बनाया गया है, जिसमें शाहिद खान, मनोज कुमार सिंह, निकित मुखर्जी और पप्पू सिंह सदस्य के रूप में शामिल हैं।
इस एजीएम में सुप्रीम कोर्ट के फैसलों व लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुकूल एसोसिएशन के नियमों और विनियमों में प्रस्तावित संशोधनों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके साथ ही पिछले वित्तीय वर्ष के आय-व्यय के ब्यौरे तथा आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र के बजट को भी पारित किया गया। बैठक के दौरान उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी और कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष समेत प्रबंधन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
