

रांची: रांची के सिदो-कान्हू उद्यान के पास एक फ्लैट में 61 वर्षीय सेवानिवृत्त नौकरशाह का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। मूल रूप से बिहार के पटना के निवासी सुनील कुमार सिंह एक साल पहले रांची के उप विकास आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस के अनुसार, मृतक पिछले कुछ दिनों से गंभीर बीमारियों और वृद्धावस्था की परेशानियों से जूझ रहे थे। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उन्होंने अपनी शारीरिक तकलीफों का जिक्र किया है। लालपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया है। फोरेंसिक (FSL) टीम के साथ मामले की गहन जांच की जा रही है।





