

रांची: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच शराब पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कमड़े (रातू) निवासी टोनी लोहरा के रूप में हुई है, जिसके पेट में गोली लगी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंडा बगीचा में रविवार देर रात कई युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई। विवाद के बीच ही अचानक गोली चल गई, जो सीधे टोनी लोहरा के पेट में जा लगी। फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद अन्य युवक फरार हो गए।





गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल टोनी को तत्काल रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सदर डीएसपी संजीव कुमार समेत पुलिस जांच में जुट गई। शुरुआती पूछताछ में घायल युवक और उसके दोस्तों ने बताया कि विवाद के दौरान गोली तो चली, लेकिन अंधेरे व हड़बड़ी के कारण उन्हें यह पता नहीं चल पाया कि गोली किसने और किस दिशा से चलाई। इस वजह से आरोपी की पहचान करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। फिलहाल पुलिस वहां मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब पार्टी में कौन-कौन शामिल थे और विवाद किस वजह से शुरू हुआ था।
