जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने पार्थ जिंदल को नियुक्त किया चेयरमैन

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने पार्थ जिंदल को तत्काल प्रभाव से चेयरमैन नियुक्त किया। कंपनी के विस्तार, उत्पाद रणनीति और स्थानीयकरण कार्यक्रम में उनकी अहम भूमिका रही है।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: वाहन विनिर्माता कंपनी जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के निदेशक मंडल ने पार्थ जिंदल को तत्काल प्रभाव से कंपनी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इससे पहले पार्थ कंपनी के निदेशक थे।
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, जेएसडब्ल्यू समूह और चीन की सरकारी वाहन विनिर्माता कंपनी एसएआईसी मोटर का संयुक्त उद्यम है। इसमें जेएसडब्ल्यू की 35 प्रतिशत और एसएआईसी मोटर की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है। शेष 16 प्रतिशत हिस्सेदारी भारतीय वित्तीय संस्थानों, डीलर और कर्मचारियों के पास है।
पार्थ संयुक्त उद्यम की स्थापना के समय से ही जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के निदेशक मंडल में रहे हैं। कंपनी की उत्पाद रणनीति, विनिर्माण विस्तार तथा स्थानीयकरण कार्यक्रम को आकार देने में उनकी अहम भूमिका रही है।
कंपनी के सोमवार को जारी बयान के अनुसार, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के चेयरमैन के अलावा पार्थ जेएसडब्ल्यू सीमेंट और जेएसडब्ल्यू पेंट्स के प्रबंध निदेशक, जेएसडब्ल्यू ड्यूलक्स लिमिटेड के चेयरमैन और जेएसडब्ल्यू एनर्जी के बोर्ड में निदेशक भी हैं।
वह जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक तथा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन एवं सह-मालिक भी हैं।
पार्थ की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब जेएसडब्ल्यू समूह जर्मनी की प्रमुख वाहन कंपनी स्कोडा फॉक्सवैगन के साथ संभावित साझेदारी को लेकर बातचीत कर रहा है।

Share This Article