एमपीएससी औषधि निरीक्षक परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में एक अभ्यर्थी गिरफ्तार

एमपीएससी औषधि निरीक्षक परीक्षा पेपर लीक मामले में सातवीं रैंक हासिल करने वाली अभ्यर्थी गिरफ्तार हुई। पुलिस के अनुसार उसे परीक्षा से पहले कथित लीक प्रश्नपत्र मिला था।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की औषधि निरीक्षक (ग्रुप-बी) परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में मंगलवार को एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभ्यर्थी ने परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल की थी। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई अपराध शाखा के संपत्ति प्रकोष्ठ ने ऋतुजा पाटिल को नंदुरबार से हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, पाटिल को परीक्षा से पहले कथित तौर पर लीक प्रश्नपत्र मिल गया था और संदेह से बचने के लिए उसे जानबूझकर 10 सवालों के गलत जवाब देने की सलाह दी गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे मुंबई अपराध शाखा की हिरासत में भेज दिया गया।

पिछले सप्ताह अपराध शाखा ने 22 मार्च को आयोजित औषधि निरीक्षक (ग्रुप-बी) चयन परीक्षा का प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक होने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार लोगों में एमपीएससी के तीन अधिकारी भी शामिल हैं।

ऋतुजा पाटिल के अलावा, अन्य आरोपियों की पहचान एमपीएससी के सहायक अनुभाग अधिकारियों विश्वेश्वर दत्तात्रेय नकाते और गोपाल भट्टू मराठे, एमपीएससी के अवर सचिव अभिजीत गणपतराव लेंढवे, नंदुरबार स्थित कौटिल्य अकादमी के निदेशक प्रवीण दिलीप पाटिल तथा कथित सह-षड्यंत्रकारियों अमृत नामदेव पाटिल और लोकेश उर्फ गौरव राजेंद्र पाटिल के रूप में हुई है।

अपराध शाखा के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हासिल कर उसे अलग प्रश्नपत्र के रूप में तैयार किया और अनधिकृत लोगों को वितरित किया।

यह परीक्षा महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में औषधि निरीक्षक (ग्रुप-बी) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।