

अभिनेत्री करीना कपूर खान का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में काम करना आसान नहीं है, चाहे कोई फिल्मी परिवार से आता हो या आउटसाइडर हो। उनके मुताबिक, इस क्षेत्र में टिके रहने के लिए सबसे जरूरी चीज प्रतिभा है। करीना जल्द ही ‘दायरा’ फिल्म में नजर आएंगी।





अपने फैसले पर कभी नहीं हुआ पछतावा
फिल्म इंडस्ट्री में अपने सफर को लेकर करीना ने कहा कि वह फिल्म परिवार से आती हैं और उन्हें शुरुआत में काफी एक्सपोजर मिला था। हालांकि, इस पेशे में आने के लिए उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था। उन्होंने कहा कि अभिनय उनके अंदर स्वाभाविक तौर पर आया और उन्हें यही करना था।
डिग्री नहीं, सपनों पर किया भरोसा
करीना ने अपने करियर के बारे में खुलकर बात करते हुए कहा कि उनके पास कोई दूसरी डिग्री या ऐसा पेशा नहीं है, जिस पर वह निर्भर रह सकें। इसके बावजूद उन्हें इस बात पर गर्व है कि उन्होंने अपने दिल और सपनों का पीछा किया और उन्हें पूरा किया।
26 साल बाद भी खुद को करती रहीं साबित
करीना के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा कोई तय नियम नहीं है, जिससे यह गारंटी मिले कि कोई कलाकार 26 साल तक टिक जाएगा। उन्होंने कहा, “यहां दो और दो चार नहीं होता है।” अपने लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और हर बार खुद को साबित करने की कोशिश की।
यही है इस पेशे की चुनौती और मजा
करीना मानती हैं कि लगातार खुद को नए तरीके से पेश करना ही फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी चुनौती है। उनके लिए अलग-अलग भूमिकाएं चुनना और दर्शकों के सामने बार-बार अपनी प्रतिभा साबित करना ही इस पेशे की खासियत और असली मजा है।
