बीमा दावा खारिज करने पर न्यू इंडिया एश्योरेंस को 8.06 करोड़ रुपये देने का आदेश

मुंबई उपभोक्ता आयोग ने विक्टोरिनॉक्स इंडिया का अग्नि बीमा दावा खारिज करने पर न्यू इंडिया एश्योरेंस को 8.06 करोड़ रुपये से अधिक भुगतान का आदेश दिया, ब्याज भी देना होगा।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मुंबई के जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने विक्टोरिनॉक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अग्नि बीमा दावे को अनुचित तरीके से खारिज करने के मामले में न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी को 8.06 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करने का आदेश दिया है। विक्टोरिनॉक्स इंडिया के गोदाम में 16 फरवरी, 2019 को आग लग गई थी, जिसमें वहां रखा सामान बड़े पैमाने पर नष्ट हो गया। बीमा कंपनी द्वारा नियुक्त सर्वेक्षक ने नुकसान का आकलन 8.06 करोड़ रुपये किया था।

बीमा कंपनी ने जनवरी, 2021 में कुछ आंतरिक समझौते और चालान उपलब्ध नहीं कराने का हवाला देते हुए दावा खारिज कर दिया था। आयोग ने ई-मेल रिकॉर्ड के आधार पर पाया कि कंपनी ने सर्वेक्षक द्वारा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध कराए थे और उसके सवालों का जवाब देने के लिए ऑनलाइन बैठकों में भी हिस्सा लिया था।

आयोग ने कहा कि नुकसान का आकलन हो जाने और उस पर किसी पक्ष द्वारा विवाद नहीं किए जाने के बावजूद केवल प्रक्रियागत और तकनीकी आधार पर दावा खारिज करना अनुचित और कानूनी रूप से टिकने योग्य नहीं था। आयोग ने बीमा कंपनी को शिकायत दायर किए जाने की तारीख से दावे की राशि पर नौ प्रतिशत ब्याज के साथ मानसिक परेशानी के लिए 50,000 रुपये और मुकदमा खर्च के तौर पर 50,000 रुपये का भुगतान 45 दिन के भीतर करने का आदेश दिया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।