रांची: बड़गाईं अंचल के 8.86 एकड़ जमीन घोटाला मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की क्रिमिनल रिवीजन याचिका पर बुधवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। हेमंत सोरेन की ओर से इस मामले में इंटरलोक्यूटरी एप्लीकेशन (IA) दाखिल की गई है।
पिछली सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने दाखिल IA पर जवाब देने के लिए प्रवर्तन निदेशालय को समय दिया था। इस IA में मांग की गई है कि जब तक आवेदन पर सुनवाई पूरी नहीं हो जाती तब तक PMLA कोर्ट में चार्ज फ्रेम किए जाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। मामले की सुनवाई न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद की एकलपीठ में होगी।
बता दें कि डिस्चार्ज पिटीशन खारिज होने के बाद हेमंत सोरेन ने हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने PMLA की विशेष अदालत के उस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उनकी डिस्चार्ज पिटीशन खारिज कर दी गई थी। यह मामला ED की केस संख्या ECIR/06/2023 से जुड़ा है। मामले में चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है, जिसमें हेमंत सोरेन समेत कुल 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

