रांची: हरमू बायपास रोड पर एचएचडी की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 11 बुलडोजरों की मदद से 40 से भी ज्यादा घरों को तोड़ दिया गया, जिससे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई। कार्रवाई का विरोध करते हुए स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की और मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान विरोध कर रहे कई लोग और महिलाएं जेसीबी के ऊपर तक चढ़ गए।
अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तथा महिला जवानों की तैनाती की गई थी। हालांकि, दोपहर में तेज बारिश शुरू होने के कारण अभियान को लगभग तीन घंटे तक रोकना पड़ा, लेकिन बारिश थमते ही शाम चार बजे दोबारा बुलडोजर चलाकर शाम सात बजे तक अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। बेघर हुए परिवारों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जताते हुए कहा कि वे पिछले कई वर्षों से यहां रह रहे हैं, इसलिए उन्हें अचानक बेघर करने से पहले पुनर्वास और रहने का वैकल्पिक इंतजाम किया जाना चाहिए था। इस विरोध प्रदर्शन में जनप्रतिनिधि और स्थानीय पार्षद भी शामिल हुए और बेघर हुए लोगों को मुआवजा देने तथा उनके रहने के समुचित प्रबंध करने की मांग उठाई।

