रांची: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा के सुचारू संचालन को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में 108 एंबुलेंस कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल और सेवा का संचालन करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित 108 एंबुलेंस कर्मियों एवं संचालन एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक के दौरान एंबुलेंस कर्मियों ने पूर्व में संचालन एजेंसी द्वारा किए गए वादों को पूरा नहीं करने, वेतन का समय पर भुगतान नहीं होने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत की। कर्मियों ने कहा कि पूर्व में आश्वासनों के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
वहीं, संचालन एजेंसी के प्रतिनिधियों ने कर्मियों की शिकायतों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कुछ ड्राइवर और अन्य कर्मियों की कार्य में रुचि नहीं होने के कारण उनका स्थानांतरण किया गया है। एजेंसी के प्रतिनिधियों ने वेतन का भुगतान नहीं किए जाने या कम भुगतान किए जाने संबंधी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि कर्मियों को नियमानुसार वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बैठक में कर्मियों के स्थानांतरण, वेतन भुगतान और अन्य सुविधाओं से जुड़े सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी मामलों की जांच कराने का आश्वासन दिया। विशेष रूप से स्थानांतरित किए गए कर्मियों के मामलों की जांच का आश्वासन दिया गया। उल्लेखनीय है कि 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। बैठक में मंत्री और अपर मुख्य सचिव के आश्वासन के बाद कर्मियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की।

