रांची : रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2027 में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत रांची में प्रस्तावित टेस्ट मैच की मेजबानी पर अब संकट के बादल मंडराने लगे हैं। खबरें आ रही हैं कि रांची के JSCA स्टेडियम में यह मुकाबला आयोजित नहीं होगा। वेन्यू बदलने पर चर्चा चल रही है। BCCI के आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 19 से 23 फरवरी 2027 तक JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना तय हुआ था। लेकिन अब रिपोर्टों के मुताबिक इस मुकाबले के वेन्यू में बदलाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

रांची का मौसम बना वेन्यू चेंज की सबसे बड़ी वजह
मुकाबले के वेन्यू में बदलाव की सबसे बड़ी वजह फरवरी के दौरान रांची का मौसम बताया जा रहा है। दरअसल, रांची में फरवरी के दौरान दिन की रोशनी जल्दी कम होने को लेकर चिंता जताई गई है। टेस्ट मैच में प्रतिदिन निर्धारित 90 ओवर पूरे करना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अगर रोशनी कम होने के कारण खेल जल्दी रोकना पड़े, तो मैच के पांच दिनों में पूरे समय का इस्तेमाल प्रभावित हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक टीम प्रबंधन की ओर से BCCI के सामने यह मुद्दा उठाए जाने की बात सामने आई है। टीम प्रबंधन चाहता है कि WTC के लिहाज से महत्वपूर्ण इस सीरीज में ऐसे स्थान और समय चुने जाएं, जहां पांचों टेस्ट में अधिक से अधिक खेल हो सके।

झारखंड के क्रिकेट फैंस के लिए बड़ा झटका
बताते चलें, न केवल रांची बल्कि पूरे झारखंड से क्रिकेट प्रेमी मैच का आनंद उठाने के लिए JSCA स्टेडियम पहुंचते हैं। यहां क्रिकेट का क्रेज कुछ ऐसा है कि कई सप्ताह से लोग दिन-दिनभर लंबी लाइनों में खड़े रहकर टिकट खरीदते हैं। ऐसे में वेन्यू बदलने की खबर से फैंस की निराशा साफ झलक रही है।
19 फरवरी को रांची में होना था मैच
BCCI ने मार्च 2026 में भारत के 2026-27 घरेलू सत्र का कार्यक्रम जारी किया था। इसके अनुसार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी को नागपुर, दूसरा 29 जनवरी को चेन्नई, तीसरा 11 फरवरी को गुवाहाटी, चौथा 19 फरवरी को रांची और पांचवां 27 फरवरी को अहमदाबाद में होना तय हुआ है। अब देखना ये है कि BCCI आखिरकार किस शहर को रांची के विकल्प के तौर पर चुनता है। रिपोर्ट्स में विशाखापट्टनम, हैदराबाद और राजकोट का नाम सामने आ रहा है।


