चंदा चोरी और एमएमडीआर बिल के खिलाफ 26 सितंबर को कांग्रेस करेगी लोक भवन मार्च

चंदा चोरी और एमएमडीआर संशोधन बिल के विरोध में कांग्रेस 26 सितंबर को रांची में लोक भवन मार्च करेगी। झारखंड के खनिज अधिकारों और राज्य हितों की रक्षा प्रमुख मुद्दा रहेगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : चंदा चोरी और झारखंड के हितों को प्रभावित करने वाले एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ आगामी 26 सितंबर को कांग्रेस लोक भवन मार्च करेगी। मार्च की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए और मार्च को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र की नीतियों से झारखंड के हितों पर लगातार चोट हो रही है। एक ओर जनता के सामने चंदा चोरी का सवाल गंभीर रूप से खड़ा है, वहीं दूसरी ओर एमएमडीआर संशोधन बिल के माध्यम से झारखंड के खनिज संसाधनों और उससे मिलने वाले राजस्व पर राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस इन दोनों मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। यहां के खनिज संसाधनों से देश को राजस्व मिलता है, इसलिए राज्य के प्राकृतिक संसाधनों पर झारखंड के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इसका पुरजोर विरोध करेगी। बैठक में सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों को 26 सितंबर के लोक भवन मार्च को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला एवं प्रखंड स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क करने, जनसमर्थन जुटाने तथा अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि 26 सितंबर का लोक भवन मार्च सिर्फ कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकारों और हितों की आवाज को बुलंद करने का लोकतांत्रिक अभियान है। उन्होंने कहा कि चंदे के नाम पर पारदर्शिता के सवाल हों या झारखंड के खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों का मामला, कांग्रेस हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी विभाग और प्रकोष्ठ पूरी ताकत के साथ मार्च की तैयारियों में जुट गए हैं। 26 सितंबर को लोक भवन तक कांग्रेस का यह मार्च झारखंड के अधिकारों की मजबूत आवाज बनेगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।