रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के थैलेसीमिया, सिकल सेल और गंभीर एनीमिया से पीड़ित मरीजों को राहत देते हुए आयुष्मान और अबुआ स्वास्थ्य कार्डधारकों के लिए सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी मुफ्त खून चढ़ाने की सुविधा की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस फैसले को वरदान बताते हुए कहा कि अब मरीजों को नियमित ब्लड ट्रांसफ्यूजन के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सरकार ने निजी अस्पतालों के भुगतान के लिए ₹2,100 से लेकर ₹9,000 तक के अलग-अलग वार्ड और आईसीयू पैकेज तय किए हैं, जबकि डे-केयर, आवश्यक जांचों और आयरन चिलेशन दवाओं से जुड़े विशेष पैकेज 2,300 से 3,200 के बीच निर्धारित किए हैं। इसके अलावा एप्लास्टिक एनीमिया के इलाज के लिए 5 लाख तक के पैकेज का प्रावधान किया गया है।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उनके जिले और घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों के समय और यात्रा खर्च में भारी बचत होगी, वहीं निजी अस्पतालों को भी समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा। सरकार का लक्ष्य राज्य में थैलेसीमिया और सिकल सेल की समय पर पहचान के लिए बड़े पैमाने पर स्क्रीनिंग अभियान चलाकर झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य बनाना है।


