Deoghar News: झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास व्यवसायियों और दुकानदारों से रंगदारी वसूलने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर इस गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया है, जिनके पास से हथियार और सबूत भी बरामद किए गए हैं।
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से शिवगंगा इलाके के अस्थायी दुकानदारों और व्यापारियों से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकियां मिलने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इतना ही नहीं, आरोपी अपनी करतूतों के सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर तक उखाड़ ले गए थे।
इस गंभीर मामले को देखते हुए सदर एसडीओ के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस घटना के दो मुख्य आरोपी जमशेदपुर के साकची इलाके में छिपे हुए हैं। देवघर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से वहाँ दबिश दी और गौरव झा तथा निहाल मिश्रा नामक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर शिवगंगा श्मशान घाट की झाड़ियों से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी और पिछला इतिहास
वहीं, पुलिस की दूसरी टीम ने छापेमारी कर तीसरे आरोपी विक्रम कुमार चौरसिया को भी उसके घर से दबोच लिया, जिसकी निशानदेही पर छत्तीसी स्थित एक मकान से चोरी किए गए सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को बरामद कर लिया गया। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों में गौरव झा और निहाल मिश्रा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और कुंडा थाना के एक मामले में दोनों को पहले ही आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है। फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।


