झारखंड में 23 दिनों तक अलर्ट पर रहेगी पुलिस, माओवादियों के शहीद सप्ताह को लेकर पुलिस मुख्यालय ने जारी किए निर्देश

माओवादियों के शहीद सप्ताह को लेकर झारखंड में हाई अलर्ट: 8 से 30 नवंबर तक रेलवे, सुरक्षा बलों के कैंपों और सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सख्त करने के निर्देश।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: झारखंड में नवंबर महीने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय सतर्क हो गया है। भाकपा माओवादी संगठन की ओर से 8 नवंबर से 30 नवंबर तक शहीद सप्ताह मनाए जाने की घोषणा के मद्देनजर सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।

नक्सलियों की संभावित गतिविधियों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

इस दौरान रेलवे ट्रैक, रेलवे स्टेशन, पुल-पुलिया, सुरक्षा बलों के कैंप, बैंक और सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा बलों की आवाजाही को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा है। साथ ही किसी घटना की सूचना मिलने पर उसका सत्यापन किए बिना पुलिस बल को मौके पर नहीं भेजने की हिदायत दी गई है।

दरअसल, माओवादी संगठन इस अवधि में खूनी क्रांति, दमन विरोधी और शहीद सप्ताह मनाने की बात कह रहा है। ऐसे में पुलिस किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुटी है।

फिलहाल राज्य के सभी जिलों में पुलिस को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।