Pakur News: पाकुड़ से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जहां, लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहें है। बता दें, करमाटार पंचायत के मासधारी गांव के ग्रामीणों की जिंदगी आज भी सड़क का इंतजार कर रही है। सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को रोजाना ना जाने कितने परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि कोई बीमार पड़ जाता है या कोई आपात स्थिति आ जाती है तो लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती है। क्योंकि, एंबुलेंस हो या कोई चारपहिया वाहन गांव तक पहुंच ही नहीं पाता।

गर्भवती महिला को खटिया पर ढोकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया
ऐसी स्थिति में मरीज को खटिया पर लिटाकर कंधों के सहारे अस्पताल पहुंचाया जाता है। एक ऐसा ही मामला यहां हाल ही में देखने को मिला। जब बुधवार को एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। तब सड़क ना होने की वजह से एंबुलेंस नहीं पहुंच पाने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें किसी तरह करीब दो किलोमीटर तक खटिया पर ढोकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Pakur News: समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध ना होने से कोई भी अनहोनी हो सकती थी। इस घटना से साबित होता है कि यह केवल एक परिवार की परेशानी नहीं है, बल्कि पूरे गांव की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं के अभाव की झलक है। इसको लेकर महिला ने कहा कि, गांव से मुख्य सड़क करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। सड़क नहीं होने की वजह से गांव में किसी की तबीयत खराब होती है या प्रसव जैसी आपात स्थिति में मरीज को खटिया पर ढोकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।


