दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम की तैयारियां शुरू, जानें क्या मांग रखी पूजा समितियों ने

रांची नगर निगम ने दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज कर दी हैं। सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय और विसर्जन व्यवस्था को लेकर 176 पूजा समितियों से चर्चा हुई।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को रांची नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शहर की करीब 176 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और आयोजकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नवरात्र की शुरुआत से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, यातायात और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शहर की स्वच्छता निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके तहत पूरे पूजा अवधि में तीन पालियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें रात्रिकालीन भीड़ को ध्यान में रखते हुए रात्रि पाली में अतिरिक्त सफाई कर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने सभी पूजा समितियों से पंडाल परिसरों में पर्याप्त डस्टबिन रखने और श्रद्धालुओं को कूड़ा वहीं फेंकने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

इसके अलावा, पूजा समितियों की समस्याओं और जरूरतों के त्वरित समाधान के लिए इस बार एक मजबूत फीडबैक मैकेनिज्म तैयार किया गया है। पूजा समितियां अपने सुझाव और शिकायतें व्हाट्सएप नंबर 9431104429 या टोल-फ्री नंबर 1800 570 1235 पर दर्ज करा सकेंगी, जिसके लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाला ‘रांची नगर निगम कनेक्ट सेंटर’ चालू रहेगा।

बैठक में पूजा समितियों ने भी विगत वर्षों के कार्यों की सराहना करते हुए स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, विसर्जन स्थलों पर विशेष व्यवस्था, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, फॉगिंग, डॉग कैचिंग, मीट दुकानों को बंद रखने, पेयजल टैंकरों और चलंत शौचालयों की व्यवस्था जैसी मांगें रखीं। इस पर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने इंजीनियरिंग शाखा को पूजा पंडालों व संपर्क मार्गों के गड्ढों को भरकर समतलीकरण करने का निर्देश दिया। विद्युत शाखा को अभियान चलाकर सभी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने और शहर के ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

इसके अलावा, हॉर्टिकल्चर शाखा को अगले सात दिनों के भीतर पूजा मार्गों पर पेड़ों की लटकती डालियों की छंटाई करने का निर्देश दिया गया है। विसर्जन को सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रमुख तालाबों में विसर्जन कुंड बनाने और खतरनाक घाटों की घेराबंदी करने का निर्णय लिया गया। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए निःशुल्क नगर बस सेवा, अस्थायी विश्राम गृह और क्विक रिस्पांस टीमें भी तैनात रहेंगी। नगर आयुक्त ने नागरिकों से रांची को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।