रांची: बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर अब झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में 26 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 24 सितंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान गरज के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। बुधवार को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद समेत दक्षिणी एवं मध्य झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और मेघ गर्जन की संभावना भी जताई गई है। राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश की वजह से कुछ इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है, जिससे यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
24 सितंबर को भारी बारिश, 27 तक तेज हवाओं का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 सितंबर को सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा रांची, गुमला और खूंटी के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश और मेघ गर्जन की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं 27 सितंबर को भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा। विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है डिप्रेशन
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन सक्रिय था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और आगे चलकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। अनुमान है कि यह सिस्टम बुधवार रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच, विशाखापत्तनम और गोपालपुर के आसपास तट पार कर सकता है। इसी के प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें तथा पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की भी सलाह दी है।


