सुनील सिंह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा कर दी। झारखंड के दो नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रभारी के साथ चार सह प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। झारखंड से राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय सचिव प्रदीप वर्मा और राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को सह प्रभारी बनाया गया है। झारखंड के लिए भी नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। मध्य प्रदेश के खरगोन से सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल को प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक व खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह को सह प्रभारी और बिहार की एमएलसी निवेदिता सिंह को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद ओबीसी वर्ग से आने वाले राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा का कद बढ़ गया है। झारखंड से पहले उन्हें राष्ट्रीय सचिव बनाया गया और अब उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय सचिव के बाद सह प्रभारी बनाया जाना इस बात का संकेत है कि प्रदीप वर्मा पर केंद्रीय नेतृत्व काफी भरोसा कर रहा है और उन्हें आगे बढ़ा रहा है। जानकारी के अनुसार संगठन के एक बड़े नेता की पसंद प्रदीप वर्मा हैं। जिसकी वजह से उनका कद लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रदीप वर्मा को अब अपनी क्षमता दिखानी होगी। क्योंकि पार्टी ने उन्हें बड़े नेताओं को दरकिनार कर आगे बढ़ने का मौका दिया है।
इधर तेज-तर्रार युवा नेता पूर्व विधायक अनंत ओझा जो विधानसभा चुनाव हारने के बाद राजनीतिक रूप से हाशिये पर चले गए थे, पार्टी ने इन्हें सह प्रभारी बनाकर आगे बढ़ने का मौका दिया है। अनंत ओझा के पास संगठन की अच्छी समझ और जानकारी है। वह मिलनसार भी हैं। पार्टी ने झारखंड में आदिवासियों के बीच अपनी पकड़ फिर से बनाने के उद्देश्य से संगठन के एक अनुभवी आदिवासी नेता गजेंद्र सिंह पटेल को झारखंड बीजेपी का प्रभारी नियुक्त किया है। गजेंद्र सिंह पटेल मध्य प्रदेश के खरगोन से सांसद है और राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। पटेल संगठन के बहुत पुराने नेता हैं। विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद, अनुसूचित जनजाति मोर्चा सहित कई संगठनों में काम कर चुके हैं। इसीलिए भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। सह प्रभारी सौरभ सिंह छत्तीसगढ़ और निवेदिता सिंह बिहार की हैं। निवेदिता सिंह झारखंड से पहले से जुड़ी हुई हैं। उनका अक्सर यहां आना-जाना होता रहा है। सौरभ सिंह दो बार विधायक रह चुके हैं और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष हैं।
लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।


