रांची : खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की व्यवस्थाओं और बेहतर संचालन को लेकर बुधवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। बैठक में यह फैसला लिया गया कि बस टर्मिनल की बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी होने तक अब रांची नगर निगम अपने स्तर से ही टोल शुल्क की वसूली करेगा। इसके लिए दो पालियों में निगम की विशेष टीम तैनात की जाएगी, जो सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक वसूली का जिम्मा संभालेगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि टोल टैक्स वसूली का काम राजस्व निरीक्षक, लेखा सहायक, सैनिटरी इंस्पेक्टर और परिसंपत्ति अधीक्षक करेंगे, जबकि इंफोर्समेंट टीम और होमगार्ड के जवान केवल सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और निगरानी का काम देखेंगे, उन्हें वसूली का अधिकार नहीं होगा।

बैठक के दौरान व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए पूर्व संवेदक को 24 सितंबर तक टर्मिनल से जुड़े सभी जरूरी कागजात निगम कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी सभी बसों की विवरणी, समय-सारणी और एंट्री-एग्जिट की जानकारी मांगी गई है। टर्मिनल परिसर में लंबे समय से खड़ी लावारिस और अनुपयोगी बसों को हटाने के लिए बस मालिकों को सात दिनों की मोहलत दी गई है। तय समय सीमा में बसें न हटाए जाने पर नगर निगम एमवीआई के जरिए उनका मूल्यांकन कराकर नियमानुसार नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू कर देगा।
बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त ने पूरे बस टर्मिनल परिसर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दमकल विभाग से समन्वय बनाकर फायर सेफ्टी उपकरण लगाने, परिसर में लगे अटल क्लिनिक की जानकारी के लिए साइनेज बोर्ड लगाने और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों व सीसीटीवी कैमरों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही बसों की धुलाई के लिए अलग से स्थान चिह्नित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए स्वच्छता व सुरक्षा का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने की बात कही गई। इस बैठक में निगम के कई अधिकारी, कर्मचारी और बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल थे।


