रांची : श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में श्रीमद्भागवत कथा की कथा वाचिका साध्वी गोपिका महाराज का जन्मदिवस श्रद्धा, सेवा एवं आध्यात्मिक भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने सर्वप्रथम मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

जन्मदिवस के अवसर पर साध्वी गोपिका जी ने सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम पहुंचकर वहां निवास कर रहे दिव्यांग, निराश्रित एवं जरूरतमंद प्रभुजनों के साथ समय बिताया।
उन्होंने सभी को भोजन कराया तथा फल एवं मिठाई का वितरण कर उनके साथ जन्मदिवस की खुशियां साझा कीं। उन्होंने प्रभुजनों से स्नेहपूर्वक आशीर्वाद भी लिया। इसके पश्चात उन्होंने श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम पहुंचकर गौसेवा की। उन्होंने गौमाता को गुड़-रोटी एवं चारा खिलाया और गौसेवा के माध्यम से करुणा, सेवा एवं सनातन संस्कार का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने साध्वी गोपिका महाराज जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं दीं।कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे, ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, संजय सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


