रांची: रिम्स में अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं और मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संघ के कर्मचारियों ने 24 सितंबर से शांतिपूर्ण ढंग से काला बिल्ला लगाकर अपना काम किया जो 28 सितंबर तक जारी रहेगा। संगठन का कहना है कि यदि इस शांतिपूर्ण सांकेतिक विरोध के बाद भी प्रशासन ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, तो 29 सितंबर को रिम्स निदेशक कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

कर्मचारियों की मुख्य मांगों में रिम्स कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को अविलंब लागू करना और गवर्निंग बॉडी (शासी परिषद) में संघ के नामित प्रतिनिधि को आमंत्रित करना शामिल है। कर्मचारियों ने इस बात पर गहरा असंतोष व्यक्त किया कि 24 वर्ष बीत जाने के बाद भी रिम्स कर्मियों के लिए स्थायी नियुक्ति एवं प्रोन्नति नियमावली का निर्माण नहीं हो सका है। इसके अलावा तृतीय और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति देने, वरीय लिपिकों को कार्यालय अधीक्षक के पद पर प्रोन्नत करने और नर्सिंग कर्मियों के वेतन से हो रही गलत ईपीएफ (EPF) कटौती को तत्काल रोकने की मांग की गई है। साथ ही संघ ने अपने कामकाज के संचालन के लिए परिसर में कार्यालय आवंटित करने की भी मांग उठाई है।


