रांची : राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार दोपहर डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और इसके बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पुल के बीचों-बीच पलट गई।

बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बनी हुई थी। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्ट्रीट लाइट का खंभा भी टूट गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। ऐसे में फिसलन भरी सड़क पर चालक के लिए वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हुआ होगा।
कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा
हादसे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। कार में दो युवक सवार थे। राहत की बात रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं। दुर्घटना के बाद डिबडीह ओवरब्रिज से गुजर रहे लोगों ने तुरंत मदद की और दोनों युवकों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। पलटी हुई कार को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के चलते ओवरब्रिज पर कुछ देर तक यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुट गई।


