रांची: राजधानी रांची में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जिले भर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना लाइसेंस के दोपहिया वाहन चला रहे 30 नाबालिगों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 5 वाहनों को जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों की जान जोखिम में डालकर वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले चालकों पर भी शिकंजा कसा गया है।

जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग और पुलिस टीम ने दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) और केराली स्कूल सहित शहर के कई प्रमुख विद्यालयों के बाहर अचानक चेकिंग शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि कई नाबालिग छात्र बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया वाहनों से स्कूल पहुंच रहे थे। अधिकारियों ने मौके पर ही बच्चों और उनके अभिभावकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए समझाया कि कम उम्र में वाहन चलाना कानूनन अपराध है और यह जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी हाल में अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें।

जांच अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहनों और वैन की स्थिति भी बेहद चिंताजनक पाई गई। अधिकारियों ने देखा कि पांच सीटों वाली वैन में क्षमता से दोगुने से भी अधिक, लगभग 12 से 14 बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था। इस गंभीर लापरवाही पर कड़ी आपत्ति जताते हुए वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने चालकों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों को भी बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
विद्यालयों के अलावा बुण्डू टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी विशेष अभियान चलाया गया। यहां एनएच पर अवैध रूप से खड़े किए गए भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जो अक्सर हादसों और जाम का कारण बनते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार का नियमित जांच अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में एमवीआई बिमल किशोर, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार और संबंधित यातायात थाना प्रभारी समेत परिवहन विभाग के कई अधिकारी व कर्मी शामिल थे।


