रांची: राजधानी रांची में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। एसएसपी के निर्देश और यातायात पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ ऑटो और टोटो की सघन जांच की जा रही है।

एक दिन के अभियान में कटे 3,100 से अधिक चालान
हाल ही में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने पर कुल 3,133 चालान काटे गए। इनमें सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने के मिले:
बिना हेलमेट: 1,310 चालान
नो पार्किंग / सड़क पर पार्किंग: 1,284 चालान
ओवरस्पीड: 222 चालान
रेड लाइट उल्लंघन: 127 चालान
गलत दिशा में वाहन चलाना: 45 चालान
नो एंट्री का उल्लंघन: 27 चालान
इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस (14), फैंसी नंबर प्लेट (12), फॉग लाइट (13), बिना सीट बेल्ट (10), प्रदूषण प्रमाणपत्र की कमी (9), ब्लैक फिल्म (3), शराब पीकर वाहन चलाना (3) और मॉडिफाइड साइलेंसर (1) के मामलों में भी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 5 वाहनों को टो (Tow) भी किया गया।
सितंबर महीने में कुल 95,000 से अधिक कार्रवाई
यातायात विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच शहर में कुल 95,627 चालान जारी किए गए हैं, जो यातायात नियमों के प्रति बढ़ती सख्ती को दर्शाता है।
रांची यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से मोटरयान अधिनियम के नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कोई भी वाहन चालक अपनी गाड़ी पर किसी अन्य वाहन का फर्जी नंबर प्लेट लगाकर न चलाएं। ऐसा करते पकड़े जाने पर वाहन जब्त करने के साथ-साथ आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जेल भेजने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


