चेन्नई: इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि फ्लाईदुबई के विमान से जुड़ी घटना ‘‘आतंकवादी कृत्य’’ थी और इससे ‘‘बड़ी त्रासदी’’ हो सकती थी, लेकिन भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी के कारण इस अनहोनी को टाल दिया गया।
अधिकारी ने यात्रियों की खातिर अपनी जान जोखिम में डालने की कैप्टन की क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें ‘‘असली नायक’’ बताया।
दक्षिण भारत में इजराइल की महावाणिज्यदूत ऑर्ली वेट्जमैन ने कहा कि उनके देश के लोग पायलट के ‘‘बहुत-बहुत आभारी’’ हैं, जिस पर उसके सह-पायलट ने चाकू से हमला किया था और जिसके कारण वह चोटों के कारण खून से लथपथ हो गए।
उन्होंने बताया कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मच्छार की सराहना की है। मच्छार का फिलहाल सऊदी अरब के तबूक में इलाज चल रहा है, जहां हवा में पैदा हुई आपात स्थिति के बाद दुबई से तेल अवीव जा रही उस उड़ान को आपात स्थिति में उतारा गया था। यह विमान कैप्टन मच्छार उड़ा रहे थे।
वेट्जमैन ने डिजिटल माध्यम से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मच्छार बहादुरी नहीं दिखाते तो हमें इससे भी बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ता।’’
घायल पायलट के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में किसी ताजा जानकारी के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘हमें स्थिति की जानकारी नहीं है।’’
उन्होंने मच्छार की जमकर प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, ‘‘इजराइल कैप्टन स्मित के बेहद बहादुरी भरे कृत्य की बहुत-बहुत सराहना करता है। वह वास्तव में नायक हैं। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालने का साहस दिखाया… इसे लेकर लोगों में गहरा सम्मान है।’’
उन्होंने बताया कि घायल कैप्टन को हमले के तुरंत बाद उसी उड़ान में सवार एक इजराइली डॉक्टर ने चिकित्सा सहायता दी।
उन्होंने कहा कि यह ‘‘आतंकवादी हमला’’ था, लेकिन इसके पीछे कौन है और सह-पायलट विमान में चाकू कैसे ले जाने में सफल रहा, इसकी जांच की जा रही है।
इजराइली अधिकारी ने कहा, ‘‘बहुत से लोग इस मामले की जांच कर रहे हैं और वे इसका पता लगा लेंगे।’’
उन्होंने कहा कि यह हमला “इजराइली नागरिकों, अमीरात के नागरिकों और विमान में सवार अन्य यात्रियों को निशाना बनाकर” किया गया था और “हमें नहीं पता कि इसके पीछे कौन है।”
यह पूछा गया कि क्या यह “कोई अलग घटना थी या अक्टूबर 2024 में इजराइल पर हमास के आतंकी हमले के बाद रची गई कोई बड़ी साजिश” थी? इस पर अधिकारी ने कहा, “मुझे अभी नहीं पता, इसकी जांच की जा रही है।”
उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि कुछ देश, आतंकवादी और आतंकवादियों के नेतृत्व वाले शासन हैं, जो इजराइल को अस्थिर करना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे।
वेट्जमैन ने कहा, ‘‘हम एक बहुत बड़े आतंकी हमले के बेहद करीब पहुंच गए थे। यह 9/11 (अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर पर हुए हमले) जितना बड़ा हो सकता था।’’
उन्होंने यह भी कहा कि “एक डरावनी घटना” का यह मतलब नहीं है कि इजराइल सुरक्षित नहीं है। कई देशों से तेल अवीव के लिए और वहां से उड़ानें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा, “इजराइल की यात्रा के लिए विमान से उड़ान भरना सुरक्षित है।”
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि “इजराइल और अमीरात के बीच संबंध बहुत मजबूत हैं।”



