रांची : केंद्र सरकार की ओर से 15 अक्टूबर से UPI के जरिए मर्चेंट को 2 हजार रुपये से ज्यादा के भुगतान पर 0.4 प्रतिशत शुल्क लागू करने की बात कही गई है। वहीं, 75 हजार रुपये या उससे अधिक के भुगतान पर यह शुल्क अधिकतम 300 रुपये तक सीमित रहेगा। UPI पेमेंट पर लगने वाले इस शुल्क को लेकर देशभर के व्यापारी विरोध जता रहे हैं। राजधानी रांची के व्यापारियों ने भी इसके विरोध में 2 अक्टूबर को ‘No UPI Day’ मनाने का ऐलान किया था। इसके तहत दुकानदारों ने उस दिन UPI पेमेंट स्वीकार नहीं करने और अपने QR कोड पर काली पट्टी लगाने का फैसला किया था।

हालांकि, अब रांची के दुकानदारों ने ‘No UPI Day’ वापस ले लिया है। यानी 2 अक्टूबर को भी दुकानों पर सामान्य दिनों की तरह UPI से पेमेंट किया जा सकेगा। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बैठक के बाद UPI के खिलाफ किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से साफ इनकार कर दिया है। चैंबर का कहना है कि नए नियम के विरोध में वित्त मंत्री को पत्र भेजकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई है। साथ ही इस नियम को वापस लेने की मांग भी की गई है।


