वाशिंगटन: अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में धार्मिक मामलों का एक नया कार्यालय शुरू किया है, जो सीधे उन्हें रिपोर्ट करेगा। यह उनके कार्यकाल में धर्म से जुड़ा नवीनतम सुधार है। हेगसेथ ने बुधवार को एक भाषण में कहा कि यह कार्यालय ‘‘उच्चस्तरीय धार्मिक सहायता’’ उपलब्ध कराने में मदद करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम भौतिक युद्ध लड़ रहे हैं, तो हम सभी जानते हैं कि असली लड़ाई आध्यात्मिक है।’’ पेंटागन के अनुसार, धार्मिक मामलों का कार्यालय (ओआरए) सैन्य पादरियों और धार्मिक सहायता के लिए रक्षा विभाग के उच्चतम स्तर पर काम करेगा। हालांकि, यह किसी को धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए बाध्य नहीं करेगा, किसी एक धर्म को प्राथमिकता नहीं देगा और किसी भी धर्म को मानने या न मानने वाले सैन्यकर्मियों के अधिकारों को कम नहीं करेगा।

इस पहल की आलोचना भी हुई है। चर्च और राज्य को अलग-अलग रखने के लिए काम करने वाले संगठन ‘अमेरिकन्स यूनाइटेड फॉर सेपरेशन ऑफ चर्च’ की प्रमुख रेचल लेजर ने कहा कि रक्षा विभाग का दायित्व सैन्यकर्मियों की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहल अमेरिकी सैन्य नीति में ईसाई धर्म की भूमिका बढ़ाती है। अन्य संघीय एजेंसियों में भी धार्मिक या आस्था आधारित कार्यालय रह चुके हैं।
ऐसे कार्यालय राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल में स्थापित किए गए थे और बाद के ओबामा तथा बाइडन प्रशासन में अलग-अलग रूपों में जारी रहे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी व्हाइट हाउस में ‘फेथ ऑफिस’ स्थापित किया था। नए कार्यालय के प्रमुख के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है। पेंटागन के एक ज्ञापन के अनुसार, धार्मिक मामलों का निदेशक आध्यात्मिक संसाधनों के समन्वय के साथ सैन्य परिवारों के लिए ‘‘आस्था आधारित होम-स्कूल सहायता’’ जैसे कार्यक्रमों पर काम करेगा।


