बेंगलुरु : अमेजन ने अपनी त्वरित आपूर्ति सेवा ‘अमेजन नाउ’ का विस्तार भारत के 120 से अधिक शहरों तक कर दिया है।
ई-कॉमर्स कंपनी ने त्योहारों से पहले अपने डिलीवरी नेटवर्क को मजबूत करने के बीच दो सप्ताह में इसका विस्तार दोगुना किया है।

अमेजन ने शुक्रवार को बयान में कहा कि यह सेवा अब अमृतसर, अबोहर, जालंधर, अंबाला, मंगलुरु, मणिपाल, विशाखापत्तनम, कोच्चि, चंगनाशेरी, भुवनेश्वर और कारवार समेत शहरों में उपलब्ध है।
कंपनी ने कहा कि ‘अमेजन नाउ’ के जरिये किराना सामान, फल एवं सब्जियां, फ्रोजन खाद्य पदार्थ, व्यक्तिगत देखभाल के सामान, फैशन एवं सौंदर्य उत्पाद, छोटे घरेलू उपकरण और घर एवं रसोई का सामान समेत हजारों तरह के उत्पाद उपलब्ध हैं।
ऑर्डर की आपूर्ति करीब 800 ‘माइक्रो-फुलफिलमेंट’ और शहरी ‘फुलफिलमेंट’ केंद्रों के नेटवर्क के जरिये की जाती है।
अमेजन इंडिया में ‘एवरीडे एसेंशियल्स’ प्रभाग के उपाध्यक्ष हर्ष गोयल ने कहा, ‘‘हमें ‘अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल’ से पहले अमेजन नाउ के जरिये त्वरित आपूर्ति सेवा को भारत के दूरदराज इलाकों..उत्तर में अमृतसर और अबोहर से लेकर दक्षिण में कोच्चि और चंगनशेरी तक सेवा पहुंचाने की खुशी है। अमेजन नाउ, अमेजन इंडिया के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाली ई-कॉमर्स कारोबारी इकाई बनी हुई है और इसके ऑर्डर हर तिमाही दोगुने हो रहे हैं।


