देहरादून: लेखक-गीतकार जावेद अख्तर, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव, अभिनेत्री शबाना आजमी, फ़िल्म निर्माता इम्तियाज अली और लेखक अमीश त्रिपाठी व मनु जोसेफ उन प्रमुख वक्ताओं में शामिल हैं जो देहरादून साहित्य महोत्सव के आठवें संस्करण में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया जाएगा। इस साल के महोत्सव की थीम ‘जीवन, साहित्य और विरासत’ है। इसमें लेखक, कवि, कलाकार और खिलाड़ी एक साथ आएंगे तथा साहित्य, संस्कृति, सिनेमा, संगीत, शिक्षा और आज के जीवन जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।

इस महोत्सव में साहित्य और सांस्कृतिक संरक्षण में योगदान के लिए तीन पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें ‘रस्किन बॉण्ड लिटरेरी अवॉर्ड’, ‘शिवानी – आयरन लेडी ऑफ द हिल्स अवॉर्ड’ तथा ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज अवॉर्ड’ शामिल हैं। देहरादून साहित्य महोत्सव के संस्थापक सम्रांत विरमानी ने कहा, ‘‘वर्षों में हमारा महोत्सव एक ऐसे सांस्कृतिक और बौद्धिक मंच के तौर पर विकसित हुआ है जो देहरादून की खास साहित्यिक और शैक्षिक पहचान को दर्शाता है।’’


