खूंटी : नशीली दवाओं की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ खूंटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से बड़ी संख्या में नशीली दवाएं, एक मोटरसाइकिल और स्मार्टफोन बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, खूंटी एसपी के निर्देश पर जिले में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से रांची की तरफ से खूंटी आ रहा है और उसके पास नशीली दवाओं की खेप है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। चेकिंग देखकर युवक रास्ता बदलकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए तजना होटल के पास कच्ची सड़क पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अब्दुल कुद्दुस कासिफ बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस को ONEREX के 100 एमएल के 120 सिरप, Nitrosun-10 की 140 टैबलेट और OHMS ALPHA 0.5 की 895 टैबलेट मिलीं। सभी दवाएं जब्त कर ली गई हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और खेप के स्रोत व इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है।


