Ranchi: दुर्गा पूजा के पावन अवसर से ठीक पहले झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी आर्थिक सौगात दी है। ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के तहत रांची जिले की 3 लाख 93 हजार 994 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में सितंबर माह की सम्मान राशि सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर दी गई है। प्रत्येक लाभार्थी महिला को ₹2,500 की राशि आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे उनके खातों में भेजी गई है।
त्योहारों के ऐन मौके पर मिली इस राशि से रांची जिले की महिलाओं और उनके परिवारों में खुशी की लहर है।
जिले में बांटे गए ₹98.49 करोड़, कांके प्रखंड सबसे आगे
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, रांची जिले में इस योजना के तहत कुल 98 करोड़ 49 लाख 85 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है।
जिले में सबसे अधिक कांके प्रखंड की 31,483 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है।
रांची टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,893, मांडर में 22,936, सिल्ली में 21,269 और बेड़ो में 20,555 महिलाओं के खातों में पैसे भेजे गए हैं।
खलारी में 9,590 और बुंडू नगर पंचायत में 3,558 लाभुकों को भुगतान किया गया है, जबकि कांके शहरी क्षेत्र में सबसे कम 1,281 महिलाओं के खाते में राशि पहुंची है।
रांची के उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि मंईयां सम्मान योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार से पहले समय पर भुगतान सुनिश्चित होने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधा आर्थिक संबल मिलेगा और योजना का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे पात्र महिलाओं तक पारदर्शी तरीके से पहुंचा है।


