- संकुल स्तर से चयनित छात्र-छात्राओं ने दिखाया प्रतिभा का दम, जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों में उत्साह
तमाड़: प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC), तमाड़ में बुधवार को Ranchi Speaks 2026 की प्रखंड स्तरीय चयन प्रतियोगिता हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई. प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों एवं संकुल स्तर से चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में SDO बुंडू, BDO तमाड़, CO तमाड़ एवं उपप्रमुख तमाड़ उपस्थित रहे. अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि Ranchi Speaks केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है. सरकारी विद्यालयों के बच्चे जिस निडरता के साथ अपने विचार प्रस्तुत कर रहे हैं, वह पूरे रांची जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को जिला एवं आगे राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं.

विशिष्ट अतिथि जया प्रभा महतो एवं बेतुल सुधर्म ने कहा कि संकुल से प्रखंड स्तर तक पहुंचना विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम है. उन्होंने बच्चों को निडर होकर अपनी बात रखने और लक्ष्य के प्रति लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों में जोश भरा.
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) मोहम्मद मुमताज आलम ने कहा कि तमाड़ के बच्चों में अपार प्रतिभा है और Ranchi Speaks ने उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया है. उन्होंने विद्यार्थियों को हर कार्य को अलग और बेहतर तरीके से करने के लिए प्रेरित किया.
निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) पशुपति कुमार सिंह ने कहा कि तमाड़ की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. आज प्रखंड स्तर पर चयनित हुए बच्चे भविष्य में जिला और राज्य स्तर पर नेतृत्व कर सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और निरंतर प्रयास का संदेश दिया.

Ranchi Speaks के ब्लॉक नोडल शिक्षक भगीरथ हजाम ने कहा कि Ranchi Speaks केवल बोलने का मंच नहीं है, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता और अन्य कौशल को मजबूत करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि तमाड़ के बच्चों ने साबित कर दिया है कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी किसी से कम नहीं हैं. उन्होंने चयनित प्रतिभागियों से जिला स्तर पर भी तमाड़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया.
इस अवसर पर संकुल नोडल शिक्षक अर्जुन महतो, वरिष्ठ शिक्षक धनेश्वर प्रामाणिक, देवीप्रसाद मुखर्जी, ऐनुल अंसारी, बासुदेव महतो, पिनाकी महतो एवं मनोज कुमार ठाकुर सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे. चयनित छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रखंड संसाधन केंद्र के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, BRP-CRP, Ranchi Speaks के ब्लॉक एवं संकुल नोडल शिक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही.


